नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका में देश का 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। नगर पालिका चेयरमैन मोहिनी शर्मा ने इस अवसर पर ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर पालिका चेयरमैन मोहिनी शर्मा ने उपस्थित नागरिकों से कहा कि जल्द ही खोड़ा क्षेत्र में पानी की समस्या दूर होगी। इसके लिए प्रस्ताव पास हो चुका है। हर क्षेत्रवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता पर दूर किया जाएगा। वहीं पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा ने कहा कि उन्होंने खोड़ा की जनता से वायदा किया था, जब तक क्षेत्र की पानी की समस्या को दूर नहीं कर देंगे, जब तक उनके बीच नहीं आएंगे। आज वह जनता के बीच आए हैं, क्योंकि क्षेत्र की जनता की मुख्य पानी की समस्या को दूर करने का काम शुरू हो चुका है। अब वह नियमित रूप से क्षेत्र में जाएंगे और समस्याओं को दूर कराने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि खोड़ावासी काफी समय से पानी की समस्या से जूझ रहे थे। कुछ लोग विरोध कर रहे थे, किन वार्डो में पानी जाएगा, किन वार्डो में नहीं जाएगा, यह पानी माफिया है। हम हर वार्ड में पानी पहुंचाएंगे। छह नलकूप पास हो गए हैं। यह प्रस्ताव 15वें वित्त आयोग की बैठक में पास हो गया था, लेकिन कुछ लोगों ने इस मामले में दोबारा से बैठक कर इसका प्रचार किया। पूर्व विधायक ने कहा यह क्षेत्र वासियों के लिए बड़ा दिन है। अमरपाल शर्मा ने कहा कि उन्होंने कभी भी खोड़ा वासियों के साथ न कभी गद्दारी की है, नाहीं कभी करेंगे। लोगों की बैलेंस शीट बढ़ गई है लेकिन उनकी बैलेंस शीट घट गई है। पूर्व विधायक ने कहा कि अगले चार महीने में खोड़ा के आधे क्षेत्र में पानी पहुंच जाएगा। कुछ लोगों ने खोड़ा की व्यवस्था भंग कर रखी थी। गाडिय़ों को कूड़ा बना रखा था। लेकिन मैने सुधार की कसम खाई। व्यवस्था में सुधार किया। आने वाले बीस दिन में गाडिय़ां और पानी हर वार्ड में पहुंचेगा और कोई पूर्व रोग से पीडित कर्मचारी इसका विरोध करेगा तो उसे घर बैठाने का काम किया जाएगा। चाहे फिर वह किसी से भी सिफारिश कराएं। हम रिश्वत नहीं लेते, प्लांट पर कब्जा नहीं करते। हम आपकी सेवा के लिए आए हैं और आगे भी करते रहेंगे। जो भी काम होंगे उन्हें जनता के सामने रखा जाएगा।