शहर को अगले साल मिलेगा रामायण थीम पार्क का तोहफानगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। कोयल एन्क्लेव योजना में रामायण थीम पर आधारित पार्क का तोहफा शहरवासियों को नए साल पर मिलेगा। जीडीए ने पार्क के निर्माण का लक्ष्य दिसंबर तक पूरा होने का लक्ष्य रखा है।
जीडीए अगले साल जनवरी में इसे आम जनता के लिए शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए पार्क के विकास, रखरखाव और संचालन के लिए एजेंसी का चयन कर लिया गया है। पार्क के निर्माण पर 26 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित रामायण थीम पार्क के विकास, रखरखाव एवं संचालन के लिए एजेंसी का निर्धारण कर दिया गया है। परियोजना के तहत 10 वर्षों तक पार्क के संचालन और अनुरक्षण की जिम्मेदारी चयनित एजेंसी को दी गई है। रामायण आधारित थीम पार्क को 22,700 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। जीडीए सचिव विवेक मिश्र के मुताबिक दिसंबर तक पार्क से सम्बंधित सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे इसके बाद नए साल पर विधिवत इस पार्क को जनता के लिए शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना के पूर्ण होने पर न केवल गाजियाबाद को एक नया पर्यटन स्थल मिलेगा, बल्कि यह सांस्कृतिक जागरूकता को भी बढ़ावा देगा।
क्या होगा इस पार्क में विशेष
लोनी के कोयल एन्क्वेल योजना में 5.61 एकड़ में जीडीए इस पार्क का निर्माण कर रहा है जो रामायण थीम पार्क पर विकसित किया जा रहा है। इस पार्क में अत्याधुनिक 5डी थिएटर, लाइट एंड साउंड शो, कृत्रिम सरयू नदी के साथ ही श्रीराम के जीवन प्रसंगो को दर्शाया जाएगा। होलोग्राफिक प्रोजेक्शंस, रामायण के बालकांड से लेकर उत्तरकांड के प्रमुख प्रसंगों की प्रतिमाएं लगेंगी। साथ ही रामायण के प्रमुख पात्रों की 15 मूर्तियां सहित 45 कलात्मक प्रतिष्ठान स्थापित किए जाएंगे। पार्क के प्रवेश द्वार को भी रामायण थीम पर तैयार किया जा रहा है तो वहीं धनुष, गदा जैसी थीम पर आधारित स्ट्रीट लाइट और विशेष फूड कोर्ट भी बनाया जाएगा। वर्ष 2025 से इस पार्क को विकसित करने का काम किया जा रहा है।