अमेरिका-ईरान टकराव के बीच खाड़ी देशों पर भी हमले, कुवैत का एयर डिफेंस सिस्टम भी खराब

नई दिल्ली (युग करवट)। अमेरिकी सेना ने दावा किया कि उन्होंने ईरान के कई शहरों को निशाना बनाया है। ईरान के अलग-अलग शहरों से तेज धमाकों की आवाजें भी सुनी गई हैं। इससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि यह कार्रवाई ईरान की आक्रामकता के जवाब में की जा रही है। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हालात और गंभीर हो गए हैं। कुवैत, बहरीन और जॉर्डन ने सुरक्षा अलर्ट जारी किए हैं। बहरीन में एयर रेड सायरन बजाए गए, जिसके बाद लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और सरकारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया। इस बीच ईरानी अधिकारियों ने अमेरिकी हमलों के जवाब में होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने की घोषणा की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दावा किया कि उसने ईरान के सैन्य निगरानी तंत्र, संचार नेटवर्क और वायु रक्षा ठिकानों पर आत्मरक्षा के तहत हमले किए हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार, ईरान ने जवाबी कार्रवाई में कुवैत और बहरीन में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों समेत 18 महत्वपूर्ण लक्ष्यों को निशाना बनाया है। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका दबाव जारी रखता है तो पूरा क्षेत्र गंभीर संकट में फंस सकता है।
जॉर्डन में भी वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय कर दी गई। अमेरिकी दूतावास ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में मिसाइल, ड्रोन या रॉकेट देखे गए हैं और लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है। ईरान द्वारा अमेरिकी हमलों का बदला लेने की धमकी के बाद कुवैत का कहना है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम फायरिंग कर रहे हैं। वहीं एक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के हमलों के कारण कुवैत ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है।