गाजियाबाद (युग करवट)। अम्बेडकर रोड स्थित जवाहर लाल नेहरू युवा केन्द्र में अब जिला प्रशासन के स्तर से विकास कार्य होंगे। डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ की टीम द्वारा केन्द्र में विकास के कई कार्य किए जाएंगे। इसको लेकर हाल ही में सीडीओ कुमार सौरभ ने नेहरू युवा केन्द्र का निरीक्षण भी किया था। इस दौरान उन्होंने केन्द्र में चल रही गतिविधियों व आगामी योजनाओं की जानकारी ली थी। इस निरीक्षण के बाद अब डीएम ने केन्द्र में विकास कार्य कराए जाने के लिए टीम तैनात की है। ताकि केन्द्र में विकास कार्य कराएं जा सकें। इसके लिए विकास योजनाओं का खाका भी तैयार किया जा रहा है। बता दें कि इस मामले में पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर ने शिकायत की थी जिसमें सरकारी जमीन के दुरूपयोग सहित कई बिन्दु डीएम के समक्ष रखे थे। इसके बाद इस मामले पर लगातार डीएम मॉनीटिरिंग कर रहे थे। निरीक्षण और जांच के बाद अब जिला प्रशासन स्तर से इसमें विकास कार्य किए जा रहे हैं। इस दौरान खिलाडिय़ों की सुविधाओं में इजाफा करने के साथ ही अन्य गतिविधियों की सम्भावनाओं को भी तलाश जाएगा।