नोएडा (युग करवट)। सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ युवकों का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में युवक खुलेआम हथियार लहराते और दबंगई दिखाते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स ने वीडियो को नोएडा पुलिस को टैग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब और कहां शूट किए गए तथा हथियार असली हैं या नकली। पहला वीडियो 25 सेकेंड का है जिसमें चार से पांच युवक एक जगह एकत्र हैं।
इनमें से एक के हाथ में तमंचा है। दूसरा वीडियो पांच सेकेंड का है। इसमें एक युवक छत पर खड़ा है और उसके हाथ में तमंचा है। वीडियो पास खड़े व्यक्ति ने बनाया है। इसमें आसपास की इमारतें भी दिख रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के वीडियो युवाओं में गलत संदेश फैलाते हैं और कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान की जा रही है।
संबंधित थाना पुलिस और साइबर टीम सोशल मीडिया अकाउंट्स की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। यदि हथियार अवैध पाए गए तो आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
नोएडा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो बनाकर वायरल करने से बचें। ऐसा करना कानूनन अपराध है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।