गाजियाबाद (युग करवट)। श्रावणी शिवरात्रि पर सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में 9, 10 व 11 अगस्त को कांवड़ मेले का आयोजन किया जाएगा। कांवड़ मेले में लाखों श्रद्धालु भगवान दूधेश्वर का जलाभिषेक व पूजा-अर्चना करेंगे। कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए में पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ व अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था एवं ट्रैफिक राजकरन नैयर मंदिर पहुंचे। उन्होंने सिद्धपीठ में भगवान दूधेश्वर की पूजा-अर्चना की और मंदिर के पीठाधीश्वर महंत नारायण गिरि से भेंटकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ व अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था एवं ट्रैफिक राजकरन नैयर ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, सुचारु यातायात, कानून-व्यवस्था तथा मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने महंत नारायण गिरि महाराज से सुरक्षा व्यवस्था के लेकर सुझाव भी प्राप्त किए।
पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले ही नहीं श्रावण सोमवार व पूरे श्रावण मास को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्थाएं की जाएं कि श्रद्धालुओंं को भगवान दूधेश्वर के दर्शन व जलाभिषेक करने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो। इसके लिए महंत नारायण गिरि महाराज जो भी सुझाव दें, उनके अनुसार व्यवस्था की जाए।