गाजियाबाद (युग करवट)। बीती रात इंदिरापुरम थाना क्षेत्र अंतर्गत हिंडन नहर पर सैक्टर तीन गुरूग्राम में रहकर रेस्टोरेंट चलाने वाले अमित नामक ३५ वर्षीय कारोबारी की हत्या उसके पार्टनर विजय ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर कर दी। पार्टनर की हत्या गोली मारकर करने के बाद बाद हत्यारोपित विजय ने पुलिस को सूचना देते हुए बताया कि जब वह अपने पार्टनर अमित के साथ किसी काम से गुरूग्राम से गाजियाबाद आया था तो हिंडन नहर पर कनावनी के पास दो पिस्टलधारी बदमाशों ने उनके साथ मारपीट करने के बाद अमित की हत्या गोली मारकर कर दी। इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही एसएचओ इंदिरापुरम अजय चौधरी फील्ड यूनिट के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुं गये। उसके बाद एसीपी सूर्यबली मौर्य ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने होटल कारोबारी के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजकर सूचना देने वाले विजय से पूछताछ तो पहले तो उसने घडियाली आंसु बहाते हुए पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन जब एसीपी सूर्यबली मौर्य व एसएचओ ने गहन पूछताछ की तो विजय ने सच उगल दिया। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने कहा कि पूछताछ के दौरान विजय निवासी गुरूग्राम ने बताया कि वह अमित के साथ होटल का व्यवसाय करता है। प्रोपर्टी एवं हिसाब को लेकर उसका विवाद अमित से चल रहा था। अमित को ठिकाने लगाने के लिये उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर अमित की हत्या की साजिश रच दी। इसके बाद वह अमित को किसी बहाने से गाजियाबाद लेकर आया। रात के समय अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर उसने अमित को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। श्री मौर्य ने बताया कि मौके से ग्रांड विटारा कार बरामद हुई। हत्यारोपित के दोनों साथियों को पकडऩे के लिये पुलिस की कई टीम गठित की गई है। जल्द ही उन दोनों को भी गिरफ्तार करके हत्या की वारदात में प्रयुक्त वैपन बरामद कर लिया जायेगा।