गाजियाबाद (युग करवट)। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कोई भी राजनीतिक दल अपनी ओर से कोई कमी नहीं छोडऩा चाहता। इसीलिए भाजपा के ही तर्ज पर उसके गठबंधन के साथी और विपक्षी दल भी समय से पहले ही प्रत्याशी घोषित करने की तैयारी में हैं।
अब तक हो चुके किसी भी चुनाव में भाजपा सबसे पहले अपने प्रत्याशी घोषित करके एक तरह से मनोवैज्ञानिक बढ़त ले लेती थी। जब तक दूसरे दल अपने प्रत्याशियों को लेकर मंथन करते थे तब तक तो भाजपा के उम्मीदवार अपना प्रचार भी शुरू कर देते थे।
अब दूसरे दल भी इसी परिपाटी पर चल पड़े हैं। समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी ने कई सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की दी है। इसी तरह अब भाजपा के सहयोगी दल राष्टï्रीय लोकदल ने भी प्रत्याशी फाइनल करने की ओर कदम बढ़ा दिया है। पार्टी से जुड़े सूत्रों की मानें तो रालोद के प्रदेश अध्यक्ष एश्वर्य राज सिंह को बस्ती से चुनाव लड़ाने की तैयारी है। इसके साथ ही खतौली विधायक मदन भैया, मीरापुर विधायक मिथलेश पाल, सादाबाद से विधायक प्रदीप कुमार सिंह, थाना भवन विधायक अशरफ अली, शामली से प्रसन्न कुमार, पुरकाजी से अनिल कुमार के साथ ही गुलाम मोहम्मद, राजपाल सिंह, अजय कुमार आदि को रालोद द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा है।
साथ ही रालोद संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष केसी त्यागी के पुत्र अमरीश त्यागी, पूर्व मंत्री अशोक यादव, विजय यादव, अनुपम मिश्र, आतिर रिजवी, संगीता दोहरे को भी चुनाव लड़ाने की तैयारी की जा रही है। अमरीश त्यागी के सामने मोदीनगर, सिवालखास व बागपत जैसे कई विकल्प खुले हुए हैं।