रक्षाबंधन पर मिला महिलाओं को सीएम योगी का तोहफा
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। लखनऊ में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 60 वर्ष से अधिक उम्र वाली महिलाओं को यूपी रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू की। इस कार्यक्रम का लोहिया नगर के हिन्दी भवन में भी लाइव प्रसारण किया गया। साथ ही महिलाओं को रक्षाबंधन के अवसर पर मिठाई व उपहार देकर सम्मानित किया गया।
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री स्वंतत्र प्रभार मौजूद रहे। सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी के सम्बोधन का लाइव प्रसारण देखा गया। उसके उपरांत मुख्य अतिथि राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप, सीडीओ कुमार सौरभ द्वारा दस महिलाओं को प्रतीकात्मक रूप से साड़ी, मिठाई का उपहार देकर सम्मानित किया गया। जिसमें सुशीला, मंजू शर्मा, मोनिका, विमल, पिंकी रानी, नेहा, प्रियंका रस्तोगी,पूजा गौतम, पूनम त्यागी, नीतू सिंह, सरिता को मंच से सम्मानित किया गया। इसके उपरांत हॉल में मौजूद करीब 500 महिलाओं को उपहार वितरित किए गए। इस अवसर पर राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि 60 वर्ष की उम्र होने के बाद महिलाओं के पास ऑर्थिक तंगी आ जाती है, अपने साथ छोड़ देते हैं वह आवागमन से कतराती हैं, ऐसी महिलाओं के आवागमन को बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार भाई की तरह खड़ा हुआ है, अब वह अपनी मर्जी से प्रयागराज जा सकती हैं, अयोध्या व मथुरा जा सकती हैं। सपा नेता अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव की सरकार में सुबह जब बेटी स्कूल जाती थी और दोपहर तक नहीं आती थी, तो मां-बाप के मन में आशंका उत्पन्न होती थी कि उनकी बेटी घर आएगी या नाहीं, आबरू बचेगी या नहीं। सपा सरकार में गुंडो सडक़ों पर आंतक फैलाते थे, बहन-बेटियों के साथ छेड़छाड़ करते थे, अस्मत लूट लेते थे। लेकिन योगी सरकार में आज हर चौराहे पर यमराज खड़ा है जिससे बहन-बेटी खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं। योगी सरकार ऐसे अपराधियों को जेल या जहन्नूम भेजने का काम करती है। आज वही मनचले बहनजी-बहनजी कहते घूमते हैं। अंत में सीडीओ कुमार सौरभ ने सभी का आभार जताया। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद त्रिपाठी, एसडीएम सदर अजीत सिंह, परियोजना निदेशक प्रदीप पाण्डे, भाजपा जिलाध्यक्ष चैन पाल सिंह, परिवहन विभाग के आरएम केसरीनंदन, एआरएम एसडी शर्मा, एआरएम अंशु भारद्वाज,एआरएम राजेश कुमार, भाजपा नेता सुनील निठौरा,जिला उपाध्यक्ष पवन सोम आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन परिवहन विभाग के आलोक दास ने किया।