मेरठ (युग करवट)। दौराला थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। सकौती ओवरब्रिज से पहले तेज रफ्तार ब्रेजा कार का अगला टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया। कार कई पलटी खाने के बाद सडक़ किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त ब्रेजा कार पर दिल्ली का पंजीकरण अंकित है। प्रारंभिक आशंका है कि सभी युवक दिल्ली के रहने वाले हैं, मौके से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, लेकिन सभी में सुरक्षा ताला लगा होने के कारण उनसे कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस वाहन के पंजीकरण के आधार पर मृतकों और घायल की पहचान करने का प्रयास कर रही है।