गाजियाबाद (युग करवट)। सोमवार को सदन में नारी वंदन शक्ति अधिनियम पर निंदा प्रस्ताव को लेकर बोर्ड बैठक में पार्षद राजीव शर्मा ने जमकर हंगामा किया। हंगामे की शुरुआत उस समय हुई जब चर्चा के दौरान कार्यकारिणी उपाध्यक्ष प्रवीन चौधरी ने सदन में मौजूद नामित पार्षदों का पहला परिचय कराने की बात कहीं। इस पर मेयर ने कहा कि सभी का परिचय बैठक के अंत में करा दिया जाएगा अभी चर्चा होनी जरूरी है। वहीं प्रवीण चौधरी की बात का समर्थन करते हुए राजीव शर्मा भडक़ उठे तो उन्होंने कहा बकवास ना करें शांत रहें इस पर राजीव शर्मा हंगामा करने लगे और मेयर से अपने शब्द वापस लेने को कहा, यहां तक कि वह बहस करते हुए मेयर की कुर्सी के सामने नीचे जमीन पर बैठ गए और निगम एक्ट की पुस्तक दिखाकर नियमों का हवाला दिया। राजीव शर्मा ने इस दौरान मेयर पर यह भी आरोप लगाया कि वह उन्हें भेड़-बकरी समझती हैं, लेकिन सदन इस तरह से नहीं चलेगा। वहीं मेयर ने भी कहा कि सदन कुछ लोगों के कहने से भी नहीं चलेगा। हालांकि राजीव शर्मा को अन्य पार्षदों ने मशक्कत कर जमीन से उठाया। लेकिन बैठक के अंत तक राजीव शर्मा नाराज ही दिखे। राजीव शर्मा ने कहा कि कार्यकारिणी की बैठक तक नहीं बुलाई जा रही है। क्या ऐसे सदन चलेगा।