शहर की खूबसूरती को बिगाड़ रहे हैं पोस्टर
गाजियाबाद (युग करवट)। शहर में गाजियाबाद से लेकर साहिबाबाद तक बहुत ही खूबसूरत पेंटिंग्स बनाई गई है जिनको देखकर अच्छा माहौल प्रतीत होता है लेकिन भाजपा के नेता ही इन पेंटिंग्स को बिगाड़ रहे हैं। पेंटिंग्स पर पोस्टर लगा देते हैं जिससे पेंटिंग्स की खूबसूरती खराब हो रही है। मेयर श्रीमती सुनीता दयाल दावा करती हैं कि वो चाहे पार्टी का कोई हो या कोई अन्य दल का व्यक्ति हो अगर वो इस तरह के पोस्टर लगाता है तो सख्त कार्रवाई करती हैं। अभी हाल ही में भाजपा के सहयोगी दल की तरफ से कुछ पोस्टर लगाये गये थे तो मेयर सुनीता दयाल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पोस्टर हटवाये ही नहीं बल्कि सहयोगी दल के नेताओं के प्रति अपनी नाराजगी भी जताई और कहा कि शहर को खूबसूरत रहने दें पोस्टर लगाकर पेंटिंग्स खराब ना करें। लेकिन अफसोस की बात अभी भाजपा के युवा प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा गाजियाबाद आये थे, उनके सम्मान में कार्यकर्ताओं ने पोस्टर लगाये थे ये अधिकतर पोस्टर जो पेंटिंग्स लगी थी उनके ऊपर ही लगा दिये गये। इससे पेंटिंग्स भी छिप गई और जो खूबसूरत चित्रकारी थी वो नजर नहीं आ रही है। मेयर श्रीमती सुनीता दयाल दूसरों पर तो कार्रवाई कर रही है लेकिन पार्टी के नेताओं द्वारा लगाये गये पोस्टरों पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं कर रही हैं। उन्हें चाहिए कि इन पोस्टरों को हटाने का आदेश दें और भविष्य में इस तरह कोई पोस्टर ना लगायें। एक आदेश जारी करें और उसमें ये उल्लेख करें कि यदि पोस्टर लगाये जाएंगे चाहे वो किसी भी दल या सामाजिक संगठन के हों उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। अब देखना है कि मेयर अपनों पर कार्रवाई करती है या नहीं।