लखनऊ (युग करवट)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद नितिन नबीन उत्तर प्रदेश के पहले दौरे पर लखनऊ पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट परिसर सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से गुलजार रहा। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में जोशीले नारे लगाए और ढोल-नगाड़ों की थाप पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। इस दौरान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह सहित पार्टी के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। स्वागत समारोह को आकर्षक बनाने के लिए एयरपोर्ट परिसर में जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलाकारों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया। एयरपोर्ट से एक ट्रक पर सवार नितिन नवीन व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष का भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उनके साथ वाहन पर भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पंकज चौधरी भी रहे।
रात्रि का भोजन मुख्यमंत्री योगी के साथ करेंगे
कार्यालय पहुंचकर वह प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। आज शाम 4 बजे हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप-मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और भाजपा सांसदों, विधायकों के साथ बैठक करेंगे। रात्रि का भोजन वह मुख्यमंत्री योगी के साथ करेंगे। रविवार को नितिन नबीन भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ चाय पर संवाद करेंगे। सुबह 9:30 बजे वह एनडीए नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद 10:30 बजे दोनों उप-मुख्यमंत्रियों से अलग-अलग चर्चा करेंगे। दोपहर 2:45 बजे राष्ट्र प्रेरणा स्थल में शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाम 5 बजे वह बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर बूथ गतिविधियों पर चर्चा करेंगे।