गाजियाबाद (युग करवट)। भाजपा के पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग का आज आईटीएस कॉलेज में शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम के दूसरे सत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शामिल होंगे। प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए भाजपा की पंच निष्ठा एवं पाँच सिद्धांत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है, जो राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करती है। उन्होंने भाजपा के पांच मूल सिद्धांतों, राष्ट्रवाद एवं राष्ट्रीय एकता और, एकात्मता, लोकतंत्र, शोषण मुक्त एवं समता युक्त समाज की रचना, सकारात्मक पंथनिरपेक्षता, मूल्य आधारित राजनीति को संगठन की आत्मा बताते हुए कहा कि इन्हीं सिद्धांतों के आधार पर भारतीय जनता पार्टी देश की जनता का विश्वास लगातार प्राप्त कर रही है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, एमएलसी दिनेश गोयल, अभियान संयोजक श्रीचंद शर्मा, कार्यक्रम संयोजक एसपी सिंह, विधायक अजीत पाल त्यागी एवं पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल उपस्थित रहे। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और यही शक्ति वर्ष 2027 में पुन: भाजपा की प्रचंड विजय सुनिश्चित करेगी।