व्यापारी कल्याण दिवस के कार्यक्रम में
नोएडा (युग करवट)। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल द्वारा पांचवा व्यापारी कल्याण दिवस सेक्टर 51 स्थित वेडिंग विला बैंक्विट हॉल में बृहस्पतिवार की रात को मनाया जा रहा था। कार्यक्रम के समापन के बाद रात के समय खाना चल रहा था। कुछ लोग बैंक्विट हॉल के ऊपरी मंजिल से खाना खाकर लिफ्ट से नीचे आ रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट टूटकर नीचे गिर गई। इस घटना में कई लोग फंस गए जिनमें भाजपा के कुछ नेता भी शामिल थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने इमरजेंसी चाबी से लोगों को लिफ्ट से बाहर निकाला तथा उनकी जान बचाई।
इस घटना में सेक्टर 51 चौकी प्रभारी की शिकायत पर बैंक्विट हॉल के संचालक विनोद अरोड़ा, अश्वनी छावड़ा तथा मैनेजर अश्विनी शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 289 के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है। जांच में पता चला है कि आरोपियों ने लिफ्ट का मेंटेनेंस नहीं करवाया तथा लिफ्ट मैन की ड्यूटी नहीं लगाई थी। आयोजक विकास जैन ने बताया कि कार्यक्रम में भाग लेने के लिए उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, गौतम बुद्ध नगर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर सहित भाजपा के कई बड़े नेता पहुंचे थे। मगर अधिकतर बड़े नेता कार्यक्रम से जा चुके थे। कुछ जिला एवं महानगर के नेता ही वहां मौजूद थे।