गाजियाबाद (युग करवट)। आज सुबह लगभग साढ़े पांच बजे के आस-पास मसूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत हापुड़ फ्लाईओवर पर अशोक लिलैंड ट्रक और पिकअप में भिड़ंत हो गई। इस हादसे के बाद जहां दोनों वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गये वहीं कई लोग घायल हो गये। इतना ही नहीं पूरी तरह से चकनाचूर हो चुकी पिकअप की केबिन में चालक व परिचालक बुरी तरह से फंसकर मौत के मुंहाने पर पहुंच गये। इस हादसे की सूचना मिलने के बाद जहां मसूरी थाने के एसएचओ हरेंद्र सिंह मलिक मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गये वहीं फायर ब्रिगेड भी हादसास्थल पर पहुंचकर केबिन में फंसे दोनों लोगों की जान बचाने में जुट गई। घंटों की मशक्कत के बाद मसूरी थाने के एसएचओ हरेंद्र सिंह मलिक की टीम ने फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर दोनों लोगों की जान बचाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही थी। यह जानकारी देते हुए एसीपी मसूरी सुनिल कुमार भारद्वाज ने बताया कि पिकअप की केबिन में फंसे हुए थे उनके नाम सुनिल कुमार व जोगेंद्र सिंह हैं। जबकि मिनी ट्रक अशोक लिलैंड के चालक का नाम तहसीम है। श्री भारद्वाज ने बताया कि आज तडक़े यह हादसा उस समय हुआ कि फ्लाईओवर पर एक मिनी ट्रक खड़ा हुआ था। उसी समय शाहजहांपुर की और से आ रही पिकअप मिनी ट्रक के पीछे टकरा गया। श्री भारद्वाज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।