नोएडा (युग करवट)। थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के चौड़ा गांव में रहने वाला एक युवक और उसकी प्रेमिका आज सुबह चौथी मंजिल से कूद गए। इस घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। सोमवार सुबह पांच बजे के करीब पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 22 के हनुमान मंदिर के पास रहने वाले पुनीत उम्र 35 वर्ष तथा कुमारी विद्या दास उम्र 20 वर्ष ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए पुलिस ने नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां पर डॉक्टरों ने पुनीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि विद्या दास की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस को जांच में पता चला है कि युवती युवक से मिलने के लिए रात के समय उसके घर आई थी। दोनों पूरी रात साथ रहे तथा सुबह को यह घटना हुई।