गाजियाबाद (युग करवट)। वरीष्ठ पत्रकार अनुज चौधरी निवासी रजापुर ने साइबर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ साजिश रचकर उनकी छवि धूमिल करने व उसके साथ किसी अनिष्टï घटना को कारित करने की योजना बनाने जैसे मामले की एफआईआर दर्ज कराई है। साइबर थाने को दी गई तहरीर में पत्रकार अनुज चौधरी ने बताया कि कई बदमाशों से उनकी रंजिश चल रही है। इस रंजिश के चलते जहां उनके भाई की हत्या की जा चुकी है वहीं कुछ वर्ष पहले उनके ऊपर भी कातिलाना हमला उन्हीं बदमाशों के द्वारा किया जा चुका है। हाल ही में उन्हें यह पता चला कि उनके खिलाफ रची गई साजिश के तहत उनकी फर्जी ईमेल आईडी बनाकर उसके माध्यम से झूठी शिकायते की गई। उन शिकायतों में उनके नाम का प्रयोग करके उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया। श्री चौधरी ने ऐसे लोगों से अपनी जान को भी खतरा बताया है। इस प्रकरण के संदर्भ में एडीसीपी क्राइम पीयूष कुमार सिंह का कहना है कि अनुज चौधरी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके साइबर थाने के एसएचओ संतोष कुमार तिवारी की टीम ने गंभीरता के साथ जांच करनी शुरू कर दी है। श्री सिंह ने बताया कि पुलिस इस अपराधिक मामले का खुलासा जल्द कर देगी।