गाजियाबाद (युग करवट)। 17 सितंबर को होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर आज नगर निगम में विशेष बैठक बुलाई गई। बैठक में हुए भारी हंगामे के बीच नगर निगम के अधिकारी वहां से उठकर चले गए। दरअसल सरकारी आदेश पर प्रदेश के सभी नगर निगमों में 17 सिंतबर से सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान को लेकर आज नगर निगम की विशेष बैठक बुलाई गई। लेकिन बैठक में कोई सार्थक चर्चा शुरू भी नहीं हुई कि कुछ पार्षदों ने अपने बात रखना शुरू कर दिया। कुछ पार्षदों ने विकास कार्य के शिलापट पर स्थानीय पार्षद का नाम उल्लेखित करने की बात उठाई। मंच पर पार्षदों को स्थान नहीं दिए जाने का मामला भी उठा। इस दौरान जब हंगामा बढ़ गया तब नगर निगम के अधिकारी बैठक छोडक़र चले गए। महापौर सुनीता दयाल ने हंगामे पर कहा कि यह गाजियाबाद नगर निगम के सदन का नहीं बल्कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का अपमान है। क्योंकि सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक पार्षद बैठक स्थल पर ही जमे हुए थे।