ग्रेटर नोएडा (युग करवट)। खेल विभाग जिले में बिना अनापत्ति प्रमाणपत्र चल रहे जिम और फिटनेस सेंटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। नियमों की अवहेलना करने वाले ऐसे सेंटर बंद कराए जाएंगे। अंतिम नोटिस जारी कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। खेल विभाग की ओर से पिछले कई महीने से जिम और फिटनेस सेंटर के संचालकों से एनओसी लेने के लिए लगातार अपील की जा रही है। प्रभारी जिला खेल अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि खेल विभाग से मात्र 59 जिम संचालकों ने एनओसी ली है। पूर्व में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके में किए गए निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बिना एनओसी के जिम का संचालन किया जा रहा है। जिले में 300 से अधिक जिम और फिटनेस सेंटर चिह्नित किए गए हैं। ऐसे में इन सभी के खिलाफ नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। नियमों की अवहेलना करने वाले जिम को बंद करने के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा जाएगा। अधिकारी के मुताबिक एनी टाइम फिटनेस, कल फिट, एनिडे फिटनेस, हाउस ऑफ फिटनेस,फिटनेस यार्ड, के 11 फिटनेस क्लब, एंकर फिटनेस क्लब, मैराखी फिटनेस सडियो, द फॉरच जिम, एनएस फिटनेस क्लब, एएस फिटनेस क्लब, फिट फैक्ट्री जिम, फिटनेस 911, एक्सलूट फिटनेस जोन, एसके फिटनेस जिम आदि ने एनओसी नहीं ली है।