नई दिल्ली (युग करवट)। देश के आम लोगों पर शुक्रवार को महंगाई की सीधी मार पड़ सकती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा के दामों में बढ़ोतरी का सीधा असर अब भारत के आम ग्राहकों पर भी दिखने लगा है। इसी वजह से देश की तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अचानक इजाफा कर दिया है। तेल कंपनियों ने वैश्विक ऊर्जा कीमतों में उछाल के कारण शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल के दामों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इस इजाफे के बाद दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कोलकाता, मुंबई और चेन्नई जैसे अन्य प्रमुख महानगरों में भी ईंधन की कीमतों में उछाल आया है। पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम तीन-तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए गए हैं। पेट्रोल-डीजल के दामों में आखिरी बार वृद्धि अप्रैल 2022 में हुई थी। कोलकाता में पेट्रोल के दाम 3.29 रुपये बढक़र अब 108.74 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 3.14 रुपये बढक़र 106.68 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसी बीच, सीएनजी की कीमत भी 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दी गई है। इसके साथ दिल्ली में सीएनजी की नई कीमत 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। इस बढ़ोतरी का असर दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे इलाके में देखा जाएगा। कीमत बढऩे से ऑटो, टैक्सी और निजी वाहनों का खर्च बढ़ेगा, जिसका असर सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।