गाजियाबाद (युग करवट)। वरिष्ठ आईपीएस (रिटायर्ड) सुभाषचंद गुप्ता का यशोदा मेडिसिटी में निधन हो गया। वो काफी समय से बीमार चल रहे थे। डॉक्टरों के अनुसार वो लंबे समय से कई बीमारियों से पीडि़त थे और उनका ईलाज चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार आज सुबह नौ बजे हिंडन पर होगा। सुभाषचंद गुप्ता कई महत्वपूर्ण जनपदों में बतौर एसएसपी तैनात रह चुके थे। उनका कार्यकाल काफी सराहनीय रहा था। गाजियाबाद में बतौर एसएसपी उनकी तैनाती को लेकर आज भी लोग उनकी कार्यप्रणाली को याद करते हैं। उनके कार्यकाल में कई कुख्यात अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर किया गया था। जिस जमाने में सुभाषचंद गुप्ता एसएसपी थे उस जमाने में गाजियाबाद कार्य क्षेत्र काफी बड़ा था। हापुड़ और नोएडा जनपद भी गाजियाबाद में ही थे। बाद में दोनों जनपद अलग बने। सुभाषचंद गुप्ता आईजी के पद से रिटायर हुए। युग करवट परिवार सुभाषचंद गुप्ता के परिवार के दुख में बराबर का शरीक है और भगवान से प्रार्थना है कि उन्हें अपने चरणों में स्थान दे।