सुंदरदीप कॉलेज में सभा तो इंदिरापुरम में करेंगे निरीक्षण
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह एक घंटा दस मिनट तक जिले में रहेंगे। जिसमें सुंदरदीप इंजीनियरिंग कॉलेज डासना में सभा और इंदिरापुरम में टीटीआरओ प्लांट का निरीक्षण करेंगे। सीएम का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी हो गया है। 16 अक्टूबर यानि शुक्रवार को सीएम सुबह 11 बजे आगरा पहुचेंगे, जहां वह 11.35 पर ताज ईस्ट गेट स्थित शिवाजी म्यूजियम का निरीक्षण करेंगे। करीब बीस मिनट निरीक्षण करने के बाद सीएम दोपहर 12 बजे से एक बजे तक आगरा के शिक्षक विधान परिषद प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा करेंगे। एक बजे सीएम योगी फतेहाबाद विधायक स्व. छोटे लाल वर्मा को उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्घांजलि देंगे। दोपहर बाद 2.05 मिनट पर सीएम योगी हिण्डन एयरपोर्ट गाजियाबाद उतरेंगे। जहां से वह 2.20 मिनट पर इंदिरापुरम स्थित टीटीआरओ प्लांट का निरीक्षण करेंगे। करीब दस मिनट सीएम इस प्लांट का निरीक्षण कर अधिकारियों से इसकी जानकारी लेंगे। ढाई बजे सीएम योगी सुंदरदीप कॉलेज में शिक्षक विधान परिषद प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा करेंगे। इस जनसभा में सीएम योगी एक घंटे रूकेंगे। इसके बाद सीएम योगी 4.05 मिनट पर लखनऊ के लिए उड़ान भरेंगे।