गाजियाबाद (युग करवट)। शहर की एक पॉश कॉलोनी की करोड़ों की प्रॉपर्टी को लेकर मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। इस मामले में हाईकोर्ट ने पुलिस के बड़े अधिकारियों सहित कई लोगों को तलब किया है। बताते हैं कि इस मामले में हाईकोर्ट द्वारा संज्ञान लिये जाने पर तत्काल प्रभाव से एक चौकी प्रभारी को पहले ही सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस विभाग में हो रही चर्चाओं पर भरोसा करें तो एक प्रॉपर्टी शहर की पॉश कॉलोनी में स्थित है। इस प्रॉपर्टी को एक राजनीतिक व्यक्ति के साथ सौदा हो गया था लेकिन प्रॉपर्टी पर विवाद होने के कारण यह मामला पुलिस के पास पहुंच गया। फिर पुलिस के चौकी प्रभारी सहित कई अधिकारी इस मामले को निपटाने में लग गये। लेकिन इस बीच जब ये जानकारी हुई कि इस प्रॉपर्टी का विवाद पहले से ही हाईकोर्ट में है तो फिर अफसरों ने अपने को बचाते हुए चौकी प्रभारी की बलि चढ़ा दी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हाईकोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को अपने समक्ष प्रस्तुत होने के आदेश दे दिये।
पुलिस ने दबोचा अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह
गाजियाबाद (युग करवट)। एसएचओ खोड़ा नरेश कुमार शर्मा की टीम ने अंतर्राज्यीय स्तर पर वाहन चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों रमन, ललित और टीटू को गिरफ्तार करके उनके पास से चुराये गये आधा दर्जन से अधिक वाहन व अन्य सामान बरामद कर लिया।