कनावनी में लगी भीषण आग में दो सौ झुग्गी जलकर खाक
कई बच्चों समेत आधा दर्जन लोगों के झुलसने की भी सूचनागाजियाबाद (युग करवट)। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र अंतर्गत कनावनी गांव के पास स्थित झुग्गियों में गुरूवार दोपहर १२ बजे आग लग गई थी। इस आग ने जहां कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, वहीं वहां पर रखे हुए गैस के दर्जनों सिलेंडर सिलसिलेवार भीषण विस्फोट के साथ फटने लगे।
सिलेंडरों के विस्फोट के साथ फटने पर जहां घटनास्थल के आसपास अफरा तफरी मच गई वहीं आग ने भी विकरालता दिखानी शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार इस अग्निकांड में जहां २०० झुग्गियां व दर्जनों कबाड़ के गोदाम जलकर खाक हो गये वहीं करोड़ों का सामान भी जलकर स्वाहा हो गया। सूत्रों की माने तो घटनास्थल पर बने हुए डॉग शेल्टर होम्स और उसमें मौजूद अनेक श्वॉन आग की भेंट चढ़ गये। सूत्रों के अनुसार इस अग्निकांड़ में आधा दर्जन से अधिक बच्चों के समेत एक दर्जन से अधिक लोगों और गौवंश की भी झुलसने की सूचना है। मौके पर मौजूद जिलाधिकारी रविंदर कुमार मांदड व ट्रांस हिंडन जोन का प्रभार देख रहे डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के अनुसार बचाव कार्य के लिये शुरू किये गये सर्च अभियान के दौरान अभी तक किसी जनहानि के संकेत नहीं मिले हैं। श्री जायसवाल ने कहा कि जनहानि की आशंका को देखते हुए पुलिस, फायर ब्रिगेड, सिविल डिफेंस व डीवीएफ की कई टीम घटनास्थल के चप्पे चप्पे को सर्च कर रही हैं। डीसीपी ने बताया कि अभी तक डॉग शेल्टर में रह रहे कुछ श्वॉनों के झुलसने का जरूर पता चला है। उन्हें उपचार के लिये अस्पताल भेजा गया है।
उधर इस अग्निकांड़ की जानकारी देते हुए सीएफओ राहूल पाल ने बताया कि वैशाली फायर स्टेशन को १२ बजकर १७ मिनट पर यह सूचना मिली थी कि कनावनी गांव के पास स्थित झुग्गी बस्ती में आग लग गई है। इस सूचना के मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंचकर आग बुझाने में जुट गई।
आग की विकरालता और सिलसिलेवार गैस सिलेंडरों में हो रहे विस्फोटों को दृष्टिïगत रखते हुए मौके पर गाजियाबाद, मेरठ व गौतमबुद्घनगर के दो दर्जन से अधिक फायर टेंडर/बाउजरों के अलावा चिकित्सकों की टीम को भी बुला लिया गया।