गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद दौरे पर आए गौसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल व सदस्य दीपक गोयल ने आज विकास भवन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल ने कहा कि सरकार निराश्रित गौवंश को आश्रय दे रही है बाल्कि गौशालाओं में उनके स्वास्थ्य, भोजन व देखभाल के लिए भी योजनाएं चला रही हैं। निराश्रित गौवंश को आश्रय मिल सके इसके लिए योजना चलाकर किसानों को उनकी देखभाल का जिम्मा दिया जा रहा है। पशुओं को चारा आदि की कमी न हो, इसके लिए इन गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है जिससे गोबर आदि से उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जैविक खाद तैयार की जा रही है, जिससे इन गौशालाओं में धन का अभाव न हो। हरे चारे के लिए भी अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की सख्ती का ही आलम है कि प्रदेश में गौ तस्करों पर न सिर्फ रोक लगी है बल्कि उनके खिलाफ कार्रवाई भी हो रही है। गौ रक्षक संगठनों की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि इस दिशा में सरकार जल्द ही कार्य करेगी। लेकिन सरकार ने गौ तस्करी रोकने के लिए कड़े कानून बनाए हैं, निगरानी तंत्र को बढ़ाया है, जिससे प्रदेश के अन्दर गौ तस्करों पर कड़ी लगाम लगी है। सडक़ों पर निराश्रित पशुओं को लेकर उन्होंने कहा कि स्थानीय विभाग पशुओं को पकड़ कर आश्रय स्थल में छोड़ते हैं। अगर इसके बाद भी किसी को सडक़ों पर आवारा पशु दिखें तो उसकी सूचना सम्बंधित विभाग को दें ताकि उन्हें आश्रय स्थल ले जाया जा सके। गौ आश्रय स्थलों में सीसीटीवी की निगरानी में इनकी देखभाल की जा रही है। इसी कड़ी में विभिन्न जिलों का दौरा कर आश्रय स्थलों की वास्तविक स्थिति को परखा जा रहा है। इस दौरान सीडीओ कुमार सौरभ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.एसपी पाण्डेय आदि मौजूद रहे।