गाजियाबाद (युग करवट)। लूट, स्नेचिंग व चोरी जैसी संगीन वारदातों पर अंकुश लगाने में असफल होने पर आधा दर्जन से अधिक चौकी प्रभारियों पर डीसीपी सिटी, ट्रांस हिंडन व डीसीपी रूरल की गाज गिर गई। डीसीपी मुख्यालय धवल जायसवाल ने चौकी प्रभारी वैशाली भुपेंद्र प्रताप सिंह को सस्पेंड कर दिया वहीं चौकी प्रभारी वसुंधरा अंकुर राठौर एवं नीतिखण्ड चौकी प्रभारी नागेंद्र अत्री को लाइन का रास्ता दिखा दिया। सिटी जोन में भी तीन चौकी प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया। श्री जायसवाल ने हल्का प्रभारी सैक्टर २३ प्रशांत रावत, चौकी प्रभारी मोरटा नरेंद्र व चौकी प्रभारी दूधिया पीपल सुदीप कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। डीसीपी रूरल सुरेंद्रनाथ तिवारी की भी एक दरोगा समेत चार चौकी प्रभारियों पर गाज गिरी है। बता दें कि सीपी के द्वारा की गई अपराध समीक्षा बैठक के बाद तीनों जोन के लापरवाह चौकी प्रभारियों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है। सूत्रों की माने तो आने वाले दिनों में जहां लगभग एक दर्जन चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक जा सकते हैं वहीं कई थानेदारों की कुर्सी भी जा सकती है।