यूपी में क्या चल रहा है
उत्तर प्रदेश में अंदरखाने क्या चल रहा है, कहां पर क्या खिचड़ी पक रही है, इसकी चर्चाएं खूब चल रही हैं। बड़ी मशक्कत के बाद योगी मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। सुनते थे कि कई मंत्री हटेंगे, कई नये बनेंगे, लेकिन मात्र छह मंत्रियों ने शपथ ली। कई दिन तक मंत्रालयों का बंटवारा नहीं होना भी चर्चा का विषय बना हुआ है। विपक्ष पहले कह रहा था कि दिल्ली से जो कहा जाएगा वहीं होगा। मंत्रालयों की पर्ची भी दिल्ली से ही मिलेगी। अचानक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दो दिन पहले गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्टï्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात हुई थी। तब लगा था कि अब जल्द ही मंत्रालयों का बंटवारा होगा। लेकिन इस बीच एक चौंकाने वाली तस्वीर वायरल हो गई। उत्तर प्रदेश के सबसे मजबूत और पावरफुल अफसर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आंख और कान माने जाने वाले वरिष्ठ आईएएस संजय प्रसाद की भाजपा के राष्टï्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को गुलदस्ता देते हुए दिखाई दी। आखिरकार एक आईएएस अफसर राजनीतिक पार्टी के वरिष्ठ नेता को क्यों गुलदस्ता दे रहे हैं, क्यों मिल रहे हैं, यह बड़ा सवाल है। क्या कोई संदेश या शपथ लेने वाले मंत्रियों की कोई फाइल लेकर संजय प्रसाद नितिन नबीन से मिले थे, क्या मुख्यमंत्री का कोई संदेश था, जो इनडायरेक्ट भेजा गया। आखिरकार इस मुलाकात के पीछे क्या राज है। वहीं मुख्यमंत्री के पास जो मंत्रालय है उसमें पीडब्ल्यूडी को लेकर बड़ा सवाल उठ रहा है। दिल्ली वालों ने कहा है कि ये मंत्रालय अपने पास से हटाकर शपथ लेने वाले एक मंत्री को दे दें। यहां भी पेच फंस रहा है। इसके अलावा जो और मंत्रालय हैं जो मुख्यमंत्री के पास हैं उनमें से भी कटौती करने की बात दिल्ली वालों ने कही है लेकिन अंदरखाने की खबर यह है कि कुछ मंत्रालयों को लेकर सहमति नहीं बन रही है। वैसे ऐसा पहली बार हुआ है कि शपथ लेने के बाद एक सप्ताह गुजर गया और मंत्रालयों का बंटवारा होने में इतना समय लगा। वरना शपथ लेने के कुछ घंटे बाद ही मंत्रालयों का बंटवारा हो जाता है। आखिरकार उत्तर प्रदेश में क्या चल रहा है ये सबकी जुबान पर है और दिल्ली और लखनऊ के बीच तल्खी पहले से ज्यादा और बढ़ती जा रही है, ऐसा लग रहा ेहै। जय हिन्द