गाजियाबाद (युग करवट)। विश्व हिंदू परिषद गाजियाबाद द्वारा अशोक सिंहल के जन्मशताब्दी वर्ष पर सरस्वती विद्या मंदिर में हिंदू युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीदूधेश्वरनाथ मंदिर के महंत नारायण गिरी महाराज, मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम को भव्य बनाने में अनिल अग्रवाल सावंरिया की अहम भूमिका रही।
महन्त नारायण गिरि महाराज ने अशोक सिंहल को नमन करते हुए कहा, भारत हमारी मातृभूमि है और इसकी धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर की रक्षा करना हम सभी का परम कर्तव्य है। अशोक सिंहल का संपूर्ण जीवन इसी राष्ट्रभाव, धर्मनिष्ठा और समर्पण का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि अशोक सिंहल ने संत समाज, हिंदू समाज और युवा शक्ति को एक सूत्र में जोडऩे का ऐतिहासिक कार्य किया। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि भारत के युवाओं को श्रद्धेय अशोक सिंहल के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना, हिंदू समाज के संगठन और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को अपना जीवन समर्पित किया।
डॉ. कविता अस्थाना ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद द्वारा अशोक सिंहल का जन्मशताब्दी वर्ष मनाकर उनके जीवन, मूल्यों और योगदान को जन-जन, विशेषकर युवाओं तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के अखिल भारतीय धर्माचार्य संपर्क प्रमुख अशोक तिवारी ने कहा कि अशोक सिंहल के व्यक्तित्व में विचारों की दृढ़ता और दूसरों के दु:ख के प्रति गहरी संवेदनशीलता का दुर्लभ संगम था।
एक बार संकल्प लेने के बाद वे लक्ष्य की प्राप्ति तक निरंतर कार्य करते थे। बजरंग दल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संयोजक अनुज वालिया ने युवाओं को हनुमान के जीवन और चरित्र से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। विश्व हिंदू परिषद गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष अनिल अग्रवाल सांवरिया ने कहा कि अशोक सिंहल का जीवन भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र के प्रति नि:स्वार्थ समर्पण का जीवंत प्रेरणास्रोत है। इस दौरान मेरठ प्रांत मंत्री राजकुमार डुंगर, प्रांत संगठन मंत्री अरूण कुमार, संजय बंसल,मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, शहर विधायक संजीव शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, अजय शर्मा, साहिल वालिया, हेमा शारदा, बीके गुप्ता, प्रियंका स्वामी, अरविंद त्यागी आदि मौजूद रहे।