ग्रेटर नोएडा (युग करवट)। यमुना प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले ग्रामीणों के स्वास्थ्य, किसानों के बच्चों को बेहतर शिक्षा की मांग को लेकर अगस्त क्रांति के तहत करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने बुधवार को प्रदर्शन कर मुख्य कार्यपालक राकेश कुमार सिंह को संबोधित एक पत्र अपर मुख्य कार्यपालक मनीष मीणा को सौंपा। करप्शन फ्री इंडिया संगठन के आलोक नागर ने बताया कि अगस्त क्रांति के तहत यमुना प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के खिलाफ हल्ला बोल प्रदर्शन करते हुए भ्रष्टाचार को प्रभावी रूप से खत्म करने की मांग की गई। चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि यमुना प्राधिकरण के अंतर्गत निर्माण कार्यों में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है जिस कारण सडक़,भवन नाले एवं सेक्टरों के निर्माण ध्वस्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यमुना प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले गाँवो का विकास शहर की तर्ज पर किया जाए। किसानों के बच्चों की पढ़ाई के लिए इंटर कॉलेज एवं डिग्री कॉलेज की स्थापना की जाए। स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए सुपर मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पतालों का निर्माण किया जाए। इस दौरान आलोक नागर, बलराज हूंण, प्रेम प्रधान, राकेश नागर, हरेंद्र कसाना, रिंकू बैंसला, यतेंद्र नागर, तेजवीर चौहान, कृष्ण नागर, प्रीतम सिंह राठी, आकाश नागर, वरूण, पवन यादव मौजूद रहे।