गाजियाबाद (युग करवट)। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अखिलेश यादव का पुतला फूंकना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और यह विकृत मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा लाया गया महिला आरक्षण संशोधन बिल विपक्ष की एकजुटता के कारण सफल नहीं हो सका। जिसके बाद भाजपा देश की नारी शक्ति को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि महिला आरक्षण के लिए पहले व्यापक जनगणना कर सभी वर्गों के लिए उचित कोटा निर्धारित किया जाना चाहिए था। उन्होने कहा कि महिला सशक्तीकरण किसी एक दल का विषय नहीं है बल्कि पूरा देश इसके लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब महिलाएं जागरूक हैं और अपने हित-अहित को समझती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी सडक़ पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।