चंद्रशेखर ओवैसी की सभा
नगीना सांसद चंद्रशेखर रावण एवं एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की सभा में कल भीड़ देखकर वो काफी उत्साहित नजर आये। लेकिन भीड़ कभी भी इस बात का संकेत नहीं होती कि ये वोटों में भी बदल सकती है। अमूमन देखा गया है कि हर राजनीतिक दल अपनी सभा में भीड़ इकट्ठी कर लेता है और आजकल तो भीड़ जुटाने और भीड़ मुहैया कराने का ठेका भी छोड़ा जाने लगा है। जिस राजनीतिक दल को भीड़ की आवश्यकता होती है वो उसे ले लेता है। कई बार देखा गया है कि चुनाव में कई सभाएं होने के कारण एक ही चेहरे दिखाई देते हैं। कल असदुद्दीन ओवैसी ने अपने भाषण में भाजपा पर कम निशाना साधा। उनके निशाने पर केवल सपा प्रमुख अखिलेश यादव रहे। उन्होंने ये भी कहा कि अब ठाकुर राज और यादव राज स्वीकार नहीं किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में भले ही मुख्यमंत्री ठाकुर हो, भले ही ठाकुर अफसरों की तैनाती हो रही हो लेकिन क्या ठाकुर राज है ये बड़ा सवाल है। ओवैसी के बयान पर कई भाजपा के ठाकुर नेताओं ने कहा कि ठाकुर अफसरों की तैनाती इस बात का संकेत नहीं है कि ठाकुरों के काम हो रहे हों। इनका कहना था कि योगी सरकार में सभी जाति और धर्म के लोगों को एक समान देखा जा रहा है। वहीं यादव राज पर भी कुछ लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दस साल से कोई यादव राज ही नहीं है और असदुद्दीन ओवैसी नेताओं जैसे लोगों की वजह से यादव राज आना भी संभव नहीं है क्योंकि ये बात अब स्पष्टï हो गई है कि दोनों का गठबंधन दिल्ली के इशारे पर हुआ है। यही कारण है कि आम सांसद को मात्र एक या दो सुरक्षा कर्मी हैं और ओवैसी और चंद्रशेखर को केंद्र की वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। केंद्र सरकार केवल उन्हीं लोगों को वाई या जेड सुरक्षा प्रदान कर रही है जो केवल भाजपा के लिए काम कर रहे हैं या दूसरे दलों से भाजपा में आये हों। इसलिए ये बात अब साफ है कि जो कुछ भी हो रहा है वो केवल वोटों के बिखराव के लिए हो रहा है और आने वाले समय में इसका असर भी दिखाई भी देगा। तीसरी आंख ने देखा कि जनसभाओं में जो भीड़ आती है वो कभी वोट में नहीं बदलती और इसका अहसास मतदान वाले दिन ही हो जाता है। उत्तर प्रदेश में गठबंधन की राजनीति दो दशकों से हो रही है और अब ये गठबंधन जरूरी ही नहीं सबके लिए मजबूरी भी बन गये हैं। जय हिंद