दो गाडिय़ों में आए बदमाशों ने की 50 राउंड फायरिंग
नई दिल्ली (युग करवट)। हरियाणा के रोहतक स्थित खरावड़ गांव के नजदीक दिल्ली रोड पर बुधवार की रात एक बजे मिलन ढाबा अंधाधुंध फायरिंग से गुंज उठा। 50 राउंड से ज्यादा गोलियां चलाकर भाऊ गैंग के बदमाशों ने ढाबे पर खाना खा रहे सन्नी गैंग के तीन युवकों डीघल निवासी रिंकू, विनित व हर्ष उर्फ राजू की गोली मारकर हत्या कर दी। सन्नी के शक में ढाबे पर खाना खाने आए बेरी निवासी हिमांशु को भी दौड़ा-दौड़ा कर मार डाला। डीघल निवासी मन्नू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका चचेरा भाई रिंकू (27) गांव के युवक विनित, हर्ष उर्फ राजू के साथ रिटौली निवासी सन्नी के साथ रहता था। गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ की गांव के ही अंकित उर्फ बाबा व सन्नी के साथ पुरानी रंजिश चल रही है। अंकित जेल में है जबकि उसका छोटा भाई सन्न्ी जमानत पर बाहर है। बुधवार रात करीब एक बजे रिंकू, विनित व हर्ष अपने साथियों के साथ खरावड़ के पास मिलन ढाबे पर खाना खा रहे थे। दो गाडिय़ों में सवार होकर हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग के छह-सात बदमाश हथियारों से लैस होकर आए और रिंकू, विनित व हर्ष पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। तीनों के शव होटल के अंदर फर्श पर खून से लथपथ मिले। साथ ही बेरी निवासी हिमांशु भी मारा गया। उसका किसी गैंग से संबंध नहीं था। वह तो खाना खाने ढाबे पर आया हुआ था। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। साथ ही होटल की सीसीटीवी फुटेज भी जब्त की है। खाना खा रहे अन्य लोगों व स्टाफ ने टेबलों के नीचे छुपकर जान बचाई।