नई दिल्ली (युग करवट)। राजस्थान में पंचायत चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर उठे सवालों के बीच मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों ने भी जोर पकड़ लिया है। इसकी शुरुआत कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के एक बयान से हुई। उन्होंने हरियाणा में मुख्यमंत्री बदलने के बाद भाजपा की चुनावी जीत का उदाहरण दिया तो राजस्थान में भी नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं शुरू हो गईं। दरअसल, पंचायत चुनावों में भाजपा को मिले झटके के बाद कांग्रेस ने इन नतीजों को 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले लिटमस टेस्ट बताया था। इस पर प्रतिस्रि5या देते हुए किरोड़ी लाल मीणा ने हरियाणा का उदाहरण दिया था। उन्होंने कहा था कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनाने की उम्मीद कर रही थी, लेकिन भाजपा ने मनोहर लाल खट्टर को हटाकर नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया। इसके बाद पार्टी विधानसभा चुनाव में फिर से जीत हासिल करने में सफल रही।
इस बयान के बाद राजस्थान में भी मुख्यमंत्री बदलने की संभावना को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। उनके बयान को पंचायत चुनावों में हार के बाद भाजपा के नेतृत्व और सरकार की कार्यशैली पर सवाल के रूप में भी देखा गया। इस पूरे घटनाक्रम के बीच किरोड़ी लाल मीणा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री से मुलाकात की। इस दौरान पंचायत चुनाव के नतीजों और पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा हुई। पंचायत चुनावों के नतीजों के बाद भाजपा के सामने संगठन और सरकार के प्रदर्शन को लेकर मंथन की चुनौती है। इसी राजनीतिक माहौल में किरोड़ी लाल मीणा के बयान ने नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा को नया आधार दे दिया।