नई दिल्ली (युग करवट)। वैश्विक कूटनीति और क्षेत्रीय शक्ति संतुलन के मोर्चे पर भारत ने एक और मील का पत्थर हासिल किया है। प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय थिंक-टैंक लोवी इंस्टीट्यूट के ‘एशिया पावर इंडेक्स 2026’ में भारत ने एशिया के तीसरे सबसे शक्तिशाली देश और एक मेजर पावरहाउस के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत कर लिया है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत का कुल पावर स्कोर बढक़र 40.5 अंक हो गया है, जिससे वर्ष 2018 के बाद से चीन के साथ इसका फासला सबसे निचले स्तर पर पहुंच है। विशेषज्ञों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद पूरे एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना है। भारत के रक्षा नेटवर्क में 2.1 अंकों की ठोस बढ़त दर्ज की गई है।
दक्षिण-पूर्व एशिया (आसियान देशों) के साथ भारत की बढ़ती क्षेत्रीय रक्षा साझेदारी और ब्रह्मोस मिसाइल की सफल बिक्री ने देश के सुरक्षा प्रभाव को नई ऊंचाई दी है।