नई दिल्ली (युग करवट)। प्रधानमंत्रीनरेन्द्र मोदी आज आईआईटी खडग़पुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में पहुंचे। वहां उन्होंने विकसित भारत के लिए 75 आवाजें पहल के अंतर्गत संस्थान के 75 विद्यार्थियों से संवाद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आपने विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट के बारे में जरूर पढ़ा या सुना होगा। विश्व बैंक ने कहा है कि भारत में महज 12 से 13 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है।
यह कोई छोटा बदलाव नहीं है, बल्कि यह सीमाओं को तोडक़र आगे बढऩे वाली सोच का नतीजा है। नरेंद्र मोदी ने कहा, भारत ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सीमाओं को तोड़ो और संभावनाओं के नए रास्ते खोलो। करीब 20 साल पहले तक हमारे देश में गरीबी को एक ऐसी समस्या माना जाता था, जो कभी खत्म नहीं हो सकती। पांच दशक पहले भी लाल किले की प्राचीर से गरीबी हटाने के नारे लगाए जाते थे। लेकिन जब नीतिगत स्तर पर कोई ठोस कदम उठाने की बात आती थी, तो पूरी व्यवस्था उस मुद्दे को फाइलों में दबा देती थी। ऐसा इसलिए था, क्योंकि उस समय की सोच यह थी कि देश की इतनी बड़ी आबादी को देखते हुए गरीबी कभी खत्म नहीं की जा सकती। गरीबी दूर करने के लिए सही नीतियां लागू करने की हिम्मत भी कोई नहीं जुटा पाता था। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्र भी अपनी क्षमताओं को तभी पहचानते हैं जब वे अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ते हैं। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने यही करके दिखाया है। भारत ने डंके की चोट पर कहा है- ब्रेक द लिमिट, अनलॉक द पॉसिबिलिटीज।
शाम साढ़े पांच बजे लखनऊ पहुंचेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लखनऊ का दौरा करेंगे। इस दौरान वे पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री शाम लगभग 5:30 बजे गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे, जहां वे कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।