सीएम योगी बोले- नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
अयोध्या (युग करवट)। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच अब सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का आज शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे। इससे पहले उन्होंने रामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ भारत और नेपाल के हजारों साल पुराने सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक रिश्तों को नई मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता आस्था, आत्मीयता और साझा विरासत का है। इसे रोटी-बेटी का संबंध कहा जाता है। अयोध्या के लोग आज भी जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं और मिथिला के लोग भगवान श्रीराम को पाहुन के रूप में सम्मान देते हैं। विवाह पंचमी पर जनकपुर में होने वाला राम-जानकी विवाह उत्सव इस रिश्ते की जीवंत मिसाल है।