कवि सुदीप भोला, पवन आगरी और राहुल शर्मा होंगे सम्मानित
12 होनहार विद्यार्थियों को भी ट्रस्ट सम्मानित करेगा
गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कवि सम्मेलन स्व. हर प्रसाद शास्त्री की स्मृतियों को समर्पित होगा। 27 अक्टूबर की दोपहर कन्या वैदिक विद्यालय इंटर कॉलेज में कविताओं की महफिल सजेगी। गाजियाबाद की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर साहित्यिक आयोजनों की श्रृंखला शुरू करने जा रही संस्था काव्य कोना के संयोजक राज कौशिक ने बताया कि हर प्रसाद शास्त्री ने गाजियाबाद में कवि सम्मेलनों की शुरुआत कराई थी। इसलिए यह कवि सम्मेलन उन्हीं की स्मृति को समर्पित है। प्रसन्नता की बात है कि कन्या वेदिक विद्यालय इंटर कॉलेज की स्थापना के 100 वर्ष भी नवंबर में पूरे होने जा रहे हैं। हर प्रसाद शास्त्री ने भी गाजियाबाद में पहली नौकरी कन्या वैदिक विद्यालय में की थी और पहली काव्य गोष्ठी का आयोजन भी इसी विद्यालय में किया था। इसलिए यह कवि सम्मेलन कन्या वैदिक विद्यालय में रखा गया है। हर प्रकाश शास्त्री की स्मृति में उनके पुत्र अमेरिका निवासी जितेंद्र कुमार प्रत्येक वर्ष गाजियाबाद में हिंदी में अच्छे प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी करते हैं। साथ ही कुछ विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप भी दी जाती है। ऐसे 12 विद्यार्थियों को इस समारोह में हर प्रसाद शास्त्री चेरीटेबल ट्रस्ट की तरफ से सम्मानित किया जाएगा और स्कॉलरशिप भी दी जाएगी। जितेंद्र कुमार ने बताया कि शास्त्री जी की स्मृति में कवि सुदीप भोला, पवन आगरी और राहुल शर्मा को सम्मानित किया जाएगा। विश्व प्रसिद्ध रचनाकार डाक्टर प्रवीण शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में पधारेंगे। विधायक संजीव शर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। सम्मानित होने वाले सुदीप भोला, पवन आगरी और राहुल शर्मा के साथ वेद प्रकाश शर्मा वेद, अंजू जैन, सोनम यादव, महिमा कटारिया, चेतना शर्मा व प्रेरणा मल्होत्रा का भी काव्य पाठ होगा। संचालन राज कौशिक करेंगे। ट्रस्ट के महासचिव ललित जायसवाल और कोषाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि कन्या वैदिक विद्यालय इंटर कॉलेज में ये आयोजन 11.45 से दोपहर तीन बजे तक चलेगा।