दिल्ली पुलिस ने सफल बना दिया प्रदर्शन
कल से कॉकरोच पार्टी के प्रदर्शन को लेकर जिस तरह दिल्ली में माहौल देखा गया वो वास्तव में इससे पहले कभी नहीं देखा। दिल्ली में बड़े-बड़े आंदोलन हुए लेकिन कभी दिल्ली पुलिस इतनी बेबस दिखाई नहीं दी। मेट्रो स्टेशन बंद कर दिये गये, टे्रनें बंद कर दी गई, इंटरनेट बंद कर दिया गया, बॉर्डर सील कर दिये गये, अगर ये कहा जाए कि दिल्ली की व्यवस्थाओं ने कॉकरोच पार्टी के आंदोलन को सफल कर दिया तो गलत नहीं होगा। मुझे अंजुम रहबर का एक शेर याद आ रहा है कि-
‘अंजुम मैं जीतकर भी ये सोचती रही
जो हार कर गया वो बड़ा खुशनसीब था’
प्रदर्शन की अनुमति ना देकर भी सीजेपी एक तरह से अपने मकसद में कामयाब हो गई। प्रदर्शन को लेकर जिस तरह ४० हजार जवान लगाये गये। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान लगाये गये ऐसा तो कभी नहीं हुआ। २०१२ में अन्ना हजारे के आंदोलन में ऐसी तस्वीर नहीं दिखाई दी। आखिरकार इतनी घबराहट क्यों रही। क्या लोकतंत्र में प्रदर्शन की आजादी नहीं है? अगर ये कहा जाए कि इन व्यवस्थाओं से कॉकरोच जनता पार्टी जो पूरी तरह से अभी फुल फॉर्म में भी नहीं आयी है और तीन लोगों के अलावा चौथा नाम कोई जानता नहीं है। ऐसी कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से आखिरकार सिस्टम क्यों बेबस रहा, दिल्ली को क्यों कैद कर दिया गया। कॉकरोच जनता पार्टी के लोग शायद अगर दिल्ली आकर प्रदर्शन कर जाते तो उनको इतनी पब्लिसिटी नहीं मिलती जितनी पुलिस की व्यवस्था से उनको मिल गई। हमारे पास इतना बड़ा सिस्टम है तो फिर हम उन्हें क्यों दिल्ली आने नहीं दिया। क्या हर बार इसी व्यवस्था से आप लोगों को रोकेंगे ये बड़ा सवाल है। लाठी के सहारे कभी भी किसी को नहीं रोका जा सकता। आंदोलन और प्रदर्शन से ही लोकतंत्र में महक आती है। ये ठीक है कि पेपर लीक को लेकर जिस तरह का माहौल हुआ और दोनों तरफ से जिस तरह की घटनाएं हुई वो ठीक नहीं थी। लेकिन हम उससे कम से कम सबक लेकर ऐसी व्यवस्था करते कि पुरानी घटनाएं दोबारा नहीं होती और प्रदर्शन भी हो जाता। लाठी के सहारे कब तक किसी को रोका जा सकता है ये बड़ा सवाल है। आज प्रदर्शन रोक लिया, कल फिर आहवान होगा तो क्या इसी तरह देश की राजधानी में अघोषित लॉकडाउन लगता रहेगा, लोग कैद किये जाते रहेंगे और आम आदमी परेशान होगा। आपने लाठी के बल पर लोगों को रोक लिया लेकिन उन लोगों का क्या दोष है जो कल से परेशान है और आठ-आठ घंटे के जाम में फंसे हैं। हमारा सिस्टम इतना मजबूत है फिर हम इतने बेबस क्यों है या फिर हमें किसी को बात कहने का अधिकार ही नहीं देना है। दुष्यंत कुमार की ये लाइनें अपने आप में आज सटीक बैठती है कि-
‘हिम्मत से सच कहो तो बुरा मानते हैं लोग,
रोकर बात कहने की आदत नहीं रही।
यहां तो सिर्फ गूंगे और बहरे लोग बसते हैं
खुदा जाने यहां किस तरह जलसा होगा,
ऐसे मंजर सामने आने लगे है,
गाते-गाते लोग चिल्लाने लगे हैं।’
जय हिंद