सहारनपुर (युग करवट)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन आज पहली बार सहारनपुर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर रोहाना से सहारनपुर तक कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी स्वागत के लिए मौजूद रहे। सडक़ मार्ग पर पार्टी के झंडे, होर्डिंग और स्वागत की तैयारियां की गई थीं। दिल्ली रोड पर नगर विधायक राजीव गुंबर, मेयर डॉ. अजय कुमार समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी स्वागत के लिए मौजूद रहे। कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर काफिले का इंतजार करते नजर आए।
सहारनपुर पहुंचने के बाद नितिन नबीन अंबाला रोड स्थित होटल में पार्टी के पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इसमें पश्चिमी यूपी के पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व एमएलसी शामिल होंगे। बैठक में पुराने जनप्रतिनिधियों के अनुभव और क्षेत्र से जुड़े फीडबैक पर चर्चा प्रस्तावित है।
इसके बाद प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला महामंत्रियों के साथ दूसरी बैठक होगी। इसमें संगठन से जुड़े विषयों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। बूथ से जिला स्तर तक संगठन की तैयारियां बैठक के प्रमुख विषयों में शामिल हैं। संगठनात्मक बैठकों के बाद नितिन नबीन के ओजपुरा जाने का कार्यक्रम है। यहां वह एक पुराने कार्यकर्ता के घर भोजन करेंगे और रविदास मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद उनके दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है।