मेरठ (युग करवट)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज और कल मेरठ और सहारनपुर के दौरे पर हैं। दो दिन के दौरे में वे पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र और जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। नितिन नवीन के साथ मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी पहुंचे। संगठनात्मक बैठकों में बूथ से लेकर शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। नेताओं के स्वागत के लिए बुलडोजर लाइन में लगे दिखाई दिए। मेरठ के सुभारती विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यक्रम को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह नजर आया। दोनों नेताओं को सुनने और देखने के लिए विद्यार्थी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। दौरे के पहले दिन नितिन नवीन ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। सुभारती विश्वविद्यालय में नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पश्चिमी यूपी के पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इसमें चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। आज होने वाली बैठक में गाजियाबाद से साढ़े तीन सौ से अधिक सेक्टर प्रभारी एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष बुलाए गए हैं।