गाजियाबाद (युग करवट)। चार दशकों से अधिक पत्रकारिता के क्षेत्र में बेबाक कलम के लिए जाने जाने वाले वरिष्ठ पत्रकार हेमंत त्यागी अब हमारे बीच नहीं रहे। देर रात उन्होंने राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर सिटी में अंतिम सांस ली। आज हिंडन पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। गाजियाबाद की पत्रकारिता में हेमंत त्यागी का अपना एक बड़ा नाम था। वर्तमान में न्यूज एजेंसी के ब्यूरो चीफ थे। हेमंत त्यागी बहुत ही मिलनसार और व्यवहारिक थे। वो हमेशा बेबाकी के लिए जाने जाते थे। उनके करीबी लोगों का कहना था कि जो उनके दिल में होता था वही उनकी जुबान पर होता था। नि:संदेह आज के दौर में ऐसे बहुत कम लोग हैं। उनके निधन की खबर पाकर उनके साथ लंबे समय तक पत्रकारिता के क्षेत्र में रहने वाले वरिष्ठ पत्रकार हिंडन पहुंचे। सभी ने उन्हें एक जिंदादिल पत्रकार बताया। वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद शर्मा, आलोक यात्री, अजय औदिच्य, सलामत मियां, इमरान खान, शक्ति सिंह, रोहित सिंह, अनुज चौधरी, दीपक चौधरी, शकील सैफी, पंकज सिंह, वरिष्ठ फोटोग्राफर उमेश गौतम, रितुराज, एसपी सिंह चौहान, हेमंत त्यागी के परिवार के जुड़े मुरादनगर के प्रवेश चौधरी, नरेश सिंघानिया सहित परिवारजनों ने गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए सभी ने उनकी आत्मा की शांति के लिए मौन रखकर श्रद्धांजलि व्यक्त की। युग करवट परिवार भी हेमंत त्यागी के परिवार के दु:ख में बराबर का शरीक है।