गाजियाबाद (युग करवट)। जल्द ही नगर निगम के कार्यकारिणी चुनाव की तारीखों का ऐलान होने वाला है। कार्यकारिणी के 12 में से छह सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो गया है। खाली होने वाले पदों पर चुनाव होगा, जिसे लेकर भाजपा पार्षदों ने आला नेताओं के यहां दस्तक देनी शुरू कर दी है। इस चुनाव के लिए कई पार्षदों ने अपनी गोटियां बिछ़ानी शुरू कर दी हैं। निगम कार्यकारिणी बेहद महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि बोर्ड बैठक में जाने वाले विकास कार्यों के सभी प्रस्ताव पहले कार्यकारिणी में रखे और पास किए जाते हैं। इनमें राजीव शर्मा, अमित त्यागी, नरेश भाटी, नीरज गोयल, नरेश जाटव और पूनम सिंह का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। कार्यकारिणी चुनाव को लेकर भाजपा महानगर अध्यक्ष मंयक गोयल ने बताया कि शहर के विकास में कोई परेशानी ना हो इसको लेकर भाजपा संगठन जल्द ही कोर कमेटी बनाकर नाम को फाइनल करेगी। इसके लिए सभी भाजपा पार्षदों से वार्ता की जा रही है। वहीं महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि अगस्त माह में नगर निगम की कार्यकारिणी का ६ सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो गया है। भाजपा संगठन व सभी जनप्रतिनिधि से कार्यकारिणी सदस्यों के नाम लिए जा रहे है। इस माह के अंत तक कार्यकारिणी सदस्यो का चयन कर लिया जाएगा। कार्यकारिणी सदस्य का शहर के विकास कार्य में अहम रोल होता है लेकिन कुछ पार्षद छोटे लालच में आकर शहर के विकास कार्य को गलत दिशा देने का काम करते है।