बातों-बातों में निकली बड़ी बात
अगर कई राजनेता एक साथ बैठ जाए और राजनीतिक चर्चा ना हो ऐसा संभव नहीं है। मामला चाहे गम का हो या खुशी का हो, धार्मिक हो या कोई भी माहौल राजनेता जब चर्चा करते हैं तो उसका एक संदेश भी निकलता है। कल इस्कॉन मंदिर में बातों-बातों में बहुत सी बातें निकली। हालांकि बातचीत अनौपचारिक थी और सब एक मित्र के तौर पर अपनी-अपनी बात रख रहे थे। इसी बीच हमेशा बेबाकी से अपनी बात रखने वाले पूर्व विधायक प्रशांत चौधरी भी बहस में आ गये। प्रशांत चौधरी एक ऐसे राजनेता हैं जो हमेशा धर्म और जाति की राजनीति से ऊपर उठकर बात करते हैं। हालांकि वो अपनी जाति के लिए कोई समझौता भी नहीं करते और जहां जो बात कहनी हो वो कहते भी हैं। कल भी उन्होंने कहा कि ब्राह्मïण वैश्य मिलकर इस बार गुर्जर समाज के लिए आवाज उठाएं और उन्हें टिकट दिलायें। वहीं उन्होंने एक बहुत ही महत्वपूर्ण बात भी कहीं। उनका कहना है कि भाजपा को सत्ता में लाने में मुसलमानों का बहुत बड़ा योगदान है। उनका कहना था कि अगर बाबरी मस्जिद को लेकर मुसलमान बड़ा दिल दिखाते और कहते कि ठीक है हम इससे दावा हटा लेते है तो देश में बहुत अच्छा माहौल जाता और जो एक-दूसरे के प्रति थोड़ी बहुत दूरियां वो भी नहीं होती। उनका कहना है कि अब काशी और मथुरा का मुद्दा चल रहा है। अब भी मुसलमान अपना बड़ा दिल दिखायें और इससे अपना दावा वापस ले लें। देश में बहुत ही सौहार्द का माहौल बनेगा और जो लोग इसका फायदा उठाते हैं उनको भी करारा जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष हिंदू-मुस्लिमों के बीच दूरियों का लाभ उठाना चाहता है जबकि वो किसी का भी हमदर्द नहीं है। भाजपा आज भी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की रणनीति पर चल रही है। जय हिंद