गाजियाबाद (युग करवट)। कविनगर रामलीला मंचन के लिए एक समिति द्वारा तीस अगस्त को भूमि पूजन किया गया था। तो वहीं दूसरी समिति द्वारा छह सितम्बर को मैदान में भूमि पूजन के निमंत्रण पत्र बांटे गए हैं। अब लोगों की निगाहें इस पर टिकी हैं कि छह सितम्बर को भूमि पूजन होगा या नहीं। इस मामले में युग करवट ने पूर्व सांसद व समिति के आजीवन सदस्य रमेश चंद तोमर से बात की तो उन्होंने कहा कि इंतजार करें, इस मामले पर जल्द फैसला आएगा। शासन स्तर पर इस मामले की जांच चल रही है और कोर्ट में भी मामला विचाराधीन है। ऐसे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। पूर्व सांसद ने कहा कि रामलीला मंचन एक धार्मिक आयोजन है जिसमें वह राजनीति नहीं करना चाहते, वह कानून का पालन करने व्यक्ति हैं, जो भी किया जा रहा है नियमों के दायरे में रहकर ही किया जा रहा है। लेकिन अब सही और गलत का फैसला शासन स्तर से और कोर्ट के द्वारा होगा, जिसके लिए इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि राम के नाम कोई बदनाम ना करे और सही लोग काम करे और राम के नाम पर कोई लूट भी ना हो।