गाजियाबाद (युग करवट)। कविनगर रामलीला मैदान में दो समितियों के बीच विवाद जारी है। मामला अब शासन स्तर तक पहुंच गया है जिसमें उच्च स्तरीय कमेटी भी गठित की जा चुकी है। अक्टूबर में रामलीला का आयोजन होना है। ऐसे में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा इस मामले में मंचन के लिए निशुल्क अनुमति पत्र जारी किए जा चुके हैं। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप सिंह द्वारा कविनगर रामलीला मैदान को 15 सितम्बर से 30 अक्टूबर तक के लिए निशुल्क आंवटित किया गया है। इसके लिए जीडीए ने एक पत्र जारी किया है जिसमें दोनों ही समितियों के पदाधिकारियों के नाम है। जीडीए ने पत्र पूर्व महामंत्री राम गोपाल शर्मा के नाम जारी किया है। रामगोपाल शर्मा वर्ष 2011 की समिति के अध्यक्ष रामकुमार तोमर की समिति में महामंत्री थे। वहीं जीडीए ने इसी पत्र की कॉपी पवन कुमार गुप्ता के नाम जारी की है। पवन कुमार गुप्ता वर्तमान समिति जिसके अध्यक्ष विपुल शर्मा हैं और पवन कुमार गुप्ता इसमें महामंत्री हैं, उनके नाम जारी किया है। दोनों समितियों को पत्र जारी कर जीडीए ने एक बार फिर गेंद डिप्टी रजिस्ट्रार के पाले में डाल दी हैं। डिप्टी रजिस्ट्रार स्तर पर जिस समिति को वैध बताया जाएगा वहीं इसका मंचन करा सकेगी, इसलिए दोनों समितियों को ही आंवटन पत्र कर दिए गए हैं। अब देखना यह होगा कि कौन सी समिति रामलीला मंचन कराएगी।