नोएडा (युग करवट)। सेक्टर-51 में बड़ा नाला गंदगी से पूरी तरह पटा होने के कारण सेक्टर की नालियां भर गई हैं और गंदा पानी फुटपाथ व सडक़ों पर जमा होने लगा है। खास बात यह है कि पिछले चार-पांच दिनों से बारिश नहीं हुई है, इसके बावजूद सेक्टर में जगह-जगह गंदा पानी जमा है। इससे स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आरडब्ल्यूए सेक्टर-51 के महासचिव संजीव कुमार ने बताया कि नाला जाम होने के साथ-साथ नालियों का गंदा पानी भी सेक्टर में जमा हो रहा है। उनके अनुसार, इससे निवासी परेशान हैं और सेक्टर में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
संजीव कुमार का कहना है कि सेक्टर-51 के हर दूसरे घर में एक-दो लोग बुखार से पीडि़त दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसी बीमारियां फैलने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि समस्या को लेकर लगातार अनुरोध किए जाने के बावजूद नोएडा प्राधिकरण की ओर से अभी तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। उन्होंने प्राधिकरण के संबंधित विभाग के अधिकारियों से नाले और सीवर की समस्या का तत्काल समाधान कराने तथा सेक्टर में जमा गंदे पानी की निकासी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।