वारदात से पहले शूटर सूर्या होटल में रूके थे
शामली (युग करवट)। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शार्प शूटर आज सुबह पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए। औद्योगिक क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 50-50 हजार रुपये के इनामी सुमित और मोहित को ढेर कर दिया। दोनों गोगी गैंग के शूटर बताए जा रहे हैं और सोनीपत के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, अंकित बालियान की हत्या के बाद दोनों शूटर बागपत के रास्ते लोनी की ओर फरार हुए थे। आज सुबह दोनों औद्योगिक क्षेत्र से होते हुए सोनीपत जाने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए दोनों बदमाश अंकित हत्याकांड में शामिल थे। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया है। दोनों को 20 से अधिक गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकित बालियान की हत्या में चार शूटर शामिल थे। इनमें सुमित और मोहित को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। अब पुलिस सत्यम और आर्यन की तलाश में जुटी है। डीपीपी राजीव कृष्ण ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि मारे गये शूटर गोगी गैंग के सदस्य थे। उन्होंने बताया कि हत्या कि वारदात को अंजाम देने से पहले शूटरों ने रेकी की थी और इसके लिए शामली के ही सूर्या होटल में ही कमरा लिया था।