गाजियाबाद (युग करवट)। शहर विधायकसंजीव शर्मा ने गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी को पत्र लिखकर क्षेत्र में आधार कार्ड सेवाओं के लिए आधार कार्ड सब-सेंटर स्थापित कराने की मांग की है। विधायक संजीव शर्मा ने अपने पत्र में कहा कि पूर्व में गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र में आधार कार्ड से संबंधित सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने के कारण क्षेत्रवासियों को आधार कार्ड बनवाने, संशोधन कराने एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए काफी सुविधा रहती थी। वर्तमान में आधार कार्ड केंद्र के गाजियाबाद से साहिबाबाद स्थानांतरित हो जाने के कारण गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि बुजुर्ग नागरिकों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को आधार कार्ड से संबंधित कार्यों के लिए साहिबाबाद तक जाना पड़ता है, जिससे उन्हें समय, धन एवं आवागमन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बुजुर्ग नागरिकों के लिए इतनी दूर जाकर आधार से संबंधित कार्य कराना अत्यंत कठिन हो जाता है। संजीव शर्मा ने जिलाधिकारी से जनहित को दृष्टिगत रखते हुए गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र में आधार कार्ड सेवाओं के लिए एक आधार सब-सेंटर स्थापित करने का अनुरोध किया है।