मेरठ पहुंचे मुख्यमंत्री, जनसभा को भी किया संबोधित
सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिन लगातार करेंगे कांवडिय़ों पर पुष्प वर्षा
मेरठ (युग करवट)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह गाजियाबाद में हिंडन एयरपोर्ट पहुंचे, वहां से फिर वो मेरठ के लिए रवाना हुए। मेरठ में मोदीपुरम स्थित शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर उनका हेलिकॉप्टर लैंड हुआ। जहां से सीएम कार द्वारा दुल्हैडा चुंगी पहुंचें, यहां उन्होंने शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा की। मुख्यमंत्री करीब 50 मिनट तक मेरठ में रहे। यहां उन्होंने एक सभा को भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कांवड़ मार्ग की व्यवस्थाओं, यातायात, सुरक्षा और शिवभक्तों को मिल रही सुविधाओं की भी जानकारी ली। इस अवसर पर पुलिस की व्यवस्था काफी चाकचौबंद रही। डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी द्वारा अल्प समय में भी पूरी व्यवस्था चाकचौबंद की गई। मुख्यमंत्री के साथ राज्यमंत्री सुमेंद्र तोमर, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी सभा स्थल पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पहले भी कावंड़ यात्रा के दौरान पिछले साल पुष्प वर्षा कर चुके हैं। हालांकि इस बार जनसभा का आयोजन किया गया जिसमें उन्होंने सभी शिवभक्तों को कावंड़ यात्रा की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री की पुष्प वर्षा के दौरान बम-बम भोले की आवाज गूंजती रही।